आरा में ज्वेलरी लूटकांड के दो अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास बेहद संगीन रहा है। ये दोनों पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक कार लूटने के दौरान चालक की हत्या में भी शामिल थे।
- बिहार STF और भोजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
- पश्चिम बंगाल में कार लूट और हत्या में भी थे शामिल
भोजपुरी टॉप न्यूज, आरा: बिहार STF और भोजपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरा नगर थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क ज्वेलर्स में हुई सोने की ज्वेलरी लूटकांड में संलिप्त वांछित अपराधकर्मी सूरज सिंह और उसके सहयोगी विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों अपराधियों को पुलिस ने कड़ी निगरानी के बाद दबोचा।
गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास बेहद संगीन रहा है। ये दोनों पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक कार लूटने के दौरान चालक की हत्या में भी शामिल थे। पुलिस जांच में पता चला है कि सूरज सिंह और विशाल सिंह के खिलाफ बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
बिहार STF को लंबे समय से सूरज सिंह की तलाश थी, जो आरा में ज्वेलरी लूटकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसके बाद विशेष टीम बनाकर गिरफ्तारी की योजना बनाई गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और अन्य आपराधिक गतिविधियों में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। भोजपुर पुलिस के अनुसार, इनके गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की भी तलाश की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
Post a Comment